हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर चंडी देवी रोपवे के पास एक स्थानीय बाइक सवार युवक को ट्रक ने कुचल दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर बमुश्किल काबू पाया। करीब दो घंटे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही थमी रही। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
शुक्रवार रात पुलिस को एक ट्रक के कुचलने से युवक की मौत के बाद वाहन को आग लगाने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कांगड़ी निवासी सचिन गुप्ता (33) पुत्र विपिन गुप्ता हरिद्वार स्थित कंपनी से काम से वापस लौट रहा था। चंडी देवी रोपवे के पास बाइक को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। युवक बाइक समेत ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और उसकी मौत हो गई। ग्रामीण ट्रक चालक पर मुकदमा और उसकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। थाना प्रभारी के कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण माने।
दमकल कर्मियों के ट्रक में लगी आग बुझाने के बाद पुलिस ने यातायात सुचारू किया। श्यामपुर थाना प्रभारी विनोद थपलियाल ने बताया शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।