जिलाधिकारी दीपक रावत ने शुक्रवार को शंकराचार्य चौक से जटवाड़ा पुल ज्वालापुर तक कांवड़ पटरी का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने इस बात पर नाराजगी जताई कि 22 करोड़ से होने वाले कांवड़ पटरी के विकास कार्यों में अभी तक केवल तीन करोड़ के काम ही शुरू हो पाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने की हिदायत दी। तीन दिन के अंदर सभी काम शुरू नहीं होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
शुक्रवार की सुबह निरीक्षण के लिए निकले जिलाधिकारी ने कांवड़ पटरी पर कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि एक जुलाई तक कांवड़ पटरी पर सड़कों की मरम्मत, वॉलगार्ड, पौधरोपण़, बैंच लगाने, लालपुल के पास बने वाले भंडारे के भवन के साथ ही कांवड़ पटरी के दोनों ओर पेयजल की पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाए।
जिलाधिकारी ने पाइप लाइन बिछाने और ओवर हैड टैंक बनाने का काम शनिवार से ही शुरू करने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा प्रतिदिन की रिपोर्ट फोटो के साथ उन्हें उपलब्ध कराने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट जय भारत सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी जसपाल सिंह चौहान, एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर अमित भारद्वाज आदि अधिकारी मौजूद थे।