सिडकुल। मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा जिला हरिद्वार के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को एकजुट होकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। संगठन ने जिलेभर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में तालाबंदी कर दी और अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का एलान किया है।
इस दौरान अध्यक्ष हितेश चौहान ने कहा कि जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंपे गए पत्र में संघ ने अवगत कराया है कि पूर्व में सीएम आवास कूच के दौरान मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि की ओर से मांगों पर आश्वासन दिया गया था, लेकिन लिखित शासनादेश न मिलने के कारण संगठन ने मौखिक आश्वासनों पर अविश्वास जताया है। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक मुख्यमंत्री की ओर से मानदेय बढ़ाने की घोषणा और लिखित शासनादेश जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किसी भी अन्य विभाग का कार्य या जनगणना नहीं करेंगी। इस मौके पर पूनम रानी, प्रीति चौहान, किरण, रेशमी, गुलिस्ता, मीना, बेबी, निर्देश आदि मौजूद रहे।