रोशनाबाद। प्रदेश के अन्य जिलों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश मंजूर होने के बाद हरिद्वार की हरिद्वार में इसका लाभ नहीं दिया जा रहा था। इस बात से गुस्साई आंगनबाड़ी कार्यकत्री पंचायत के बैनर तले कार्यकत्रियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सीडीओ सोनिका के साथ वार्ता हुई। वार्ता के बाद सीडीओ ने आठ दिन के अवकाश का आदेश जारी करा दिया। मानदेय के बारे में भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ही कार्यकत्रियां शांत हुई।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री पंचायत की अध्यक्ष उमा देवी और महामंत्री उमा देवी आदि के नेतृत्व में जिले भर से आई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपनी मांगों को लेकर बुधवार की शाम जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान पंचायत के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि शासनादेश होने के बाद भी उन्हें ग्रीष्मकालीन अवकाश उपलब्ध नहीं दिया जा रहा है। चार महीने के मानदेय का भुगतान भी नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती वे प्रदर्शन करती रहेंगी।
जिलाधिकारी के जिले से बाहर होने के कारण उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी सोनिका और जिला कार्यक्रम अधिकारी मोहित चौधरी से मिलने का प्रयास किया । दोनों ही अधिकारियों से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। जिस पर प्रदर्शनकारी विकास भवन पहुंच गए और धरने बैठ गए। इस दौरान विकास भवन में मौजूद पुलिसकर्मियों से भी उनकी नोकझोंक हुई। बाद में मुख्य विकास अधिकारी ने उन्हें वार्ता के लिए बुलवाया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने 23 जून से एक जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश दिलाने का आदेश कर दिया। मुख्य विकास अधिकारी सोनिका ने छुट्टी का आदेश जारी करने की पुष्टि की साथ ही अन्य मांगों पर भी सकारात्मक कार्रवाई की बात कही। इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री लक्ष्मी रानी, सुनीता सैनी, लक्ष्मी आनंद, अंजुला समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकृत्री मौजूद रही।