- दुधला दयालवाला पंचायत में खराब निर्माण के चलते बंद हुआ केंद्र भवन
- ग्राम प्रधान की मांग पर विभागीय अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
- दुधला दयालवाला उर्फ टांटवाला ग्राम पंचायत का मामला
हरिद्वार। दुधला दयालवाला उर्फ टांटवाला ग्राम पंचायत में बनाया गया आंगनबाड़ी केंद्र का भवन जर्जर हालत में है। ग्राम प्रधान की ओर से भवन को पुन: बनाए जाने की मांग की जा रही है लेकिन इस मांग पर विभागीय अधिकारियों की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्र किराये के भवन में चलाया जा रहा है।
बहादराबाद ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुधला दयालवाला उर्फ टांटवाला में दो आंगनबाड़ी केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से आंगनबाड़ी केंद्र नंबर-01 के पास अपना भवन नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इसका भवन वित्तीय वर्ष 2003-04 में बनाया गया था मगर गुणवत्ता खराब होने से भवन की छत एक साल बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसी कारण मरम्मत कराए जाने के कुछ समय बाद भी छत ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी है। करीब 20 साल पहले इस भवन में केंद्र का संचालन बंद कर दिया गया। तब से लेकर अब तक यह आंगनबाड़ी केंद्र किराये के भवन में चल रहा है। इसमें 45 बच्चे अध्ययनरत है। महिलाओं, किशोर, किशोरियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है लेकिन अपना भवन न होने से केंद्र संचालन में दिक्कतें आती हैं।
ग्राम प्रधान की ओर से विभागीय अधिकारियों से भवन के सुधार के लिए मरम्मतीकरण व नए भवन बनाने की मांग की जा रही है लेकिन संबंधित अधिकारियों की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
जब से मैं ग्राम प्रधान बना हूं, तब से आंगनबाड़ी केंद्र का भवन बनाने के लिए अधिकारियों को पत्र भेज रहा हूं लेकिन अब तक भवन नहीं बनाया गया है। भवन बन जाए तो सरकार का किराया बच जाएगा व बच्चों को भी परेशानियां नहीं होगी। निर्माण अतिशीघ्र किया जाए। - यशपाल सिंह, ग्राम प्रधान
-
आंगनबाड़ी भवन के निर्माण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। उनसे भवन के लिए प्रस्ताव के आधार पर बजट स्वीकृति कराया जाएगा। बजट से ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी का भवन बनवाया जाएगा। - डॉ. ललित नारायण मिश्र, सीडीओ, हरिद्वार