बहादराबाद। गैंगस्टर एक्ट में एक साल से फरार चल रहे आरोपी को बहादराबाद थानाध्यक्ष ने टीम के साथ गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी नईम निवासी सहारनपुर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, एक साल पहले कोतवाली ज्वालापुर में गैंगस्टर एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गैंग लीडर सहित अन्य आरोपियों को नामजद किया गया था। इसकी जांच बहादराबाद थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा को सौंपी गई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश देनी शुरू की, लेकिन आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे। इसके बाद एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल की ओर से गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि फरार 10 हजार के इनामी आरोपी नईम निवासी सहारनपुर यूपी को शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया। यहां लाने के बाद उसे शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।