जिला मुख्यालय पर नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन मंगलवार को कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें कांग्रेस प्रत्याशी अंबरीष कुमार, एसपी सिंह और भाजपा प्रत्याशी प्रदीप बत्रा और ऋषिपाल बालियान आदि शामिल रहे। सभी प्रत्याशी ढोल नगाड़ों के साथ अपने समर्थकों संग रोशनाबाद पहुंचे और नामांकन कराते हुए अपनी अपनी जीत के दावे किए। रोशनाबाद जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट भवन में 20 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया चल रही है। शुरूआती तीन दिन में सिर्फ सात प्रत्याशियों ने ही अपने नामांकन किया। मंगलवार को प्रत्याशियों की संख्या बढ़ी और 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा कराए। अब नामांकन कराने वालों की कुल संख्या 18 हो गई है।
मंगलवार को रानीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अंबरीष कुमार नामांकन करने पहुंचे। उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष राव आफाक अली, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, रोशन लाल, धर्मपाल सिंह, अनुज सिंह, हाजी शाहबुद्दीन, विकास त्यागी आदि मौजूद रहे। ज्वालापुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एसपी सिंह ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। रुड़की सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप बत्रा ने रुड़की भाजपा जिलाध्यक्ष कल्पना सैनी, डा. अनिल शर्मा आदि के साथ रोशनाबाद पहुंचकर नामांकन कराया।
मंगलौर सीट के लिए जहां भाजपा प्रत्याशी ऋषिपाल बालियान ने नामांकन पत्र भरा। वहीं उनके सामने राष्ट्रीय लोकदल के लतेश कुमार और उनकी पत्नी सरिता ने भी पर्चा दाखिल किया। हरिद्वार विधानसभा सीट से निर्दलीय मनोज कुमार शर्मा और रानीपुर सीट से उमेश चंद्र मिश्रा ने नामांकन पत्र जमा किया। लक्सर सीट से निधि सिंह, विनीत कुमार सैनी व रतेंद्र तिवारी ने पर्चा भरा।
मंगलवार को लिए गए 31 नामांकन फार्म
अलग-अलग विधानसभा के नामांकन कक्षों से मंगलवार को कुल 31 नामांकन फार्म लिए गए। इनमें हरिद्वार से दो, भेल रानीपुर से पांच, ज्वालापुर से दो, पिरान कलियर से तीन, रुड़की से दो, खानपुर से आठ, लक्सर से तीन, हरिद्वार ग्रामीण से दो और झबरेड़ा विधानसभा के लिए चार नामांकन पत्र खरीदे गए। खरीदे गए नामांकन पत्रों को बुधवार को अधिकांश प्रत्याशी जमा कराएंगे।
अंबरीष कुमार ने जमा कराए दो सेट
रानीपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अंबरीश कुमार ने नामांकन पत्र के दो सेट जमा कराए। किसी गलती के कारण नामांकन पत्र निरस्त होने की आशंका के चलते कई प्रत्याशी ऐसा करते हैं।