हरिद्वार। पंतजलि विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव ‘अभ्युदय’ के तहत योगासन चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के योग साइंस, नेचुरोपैथी, आयुर्वेद और संन्यास आश्रम के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया और अपनी शारीरिक और मानसिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के निर्णायक मंडलों की ओर से शीर्ष टीमों का चयन किया गया है, जो 28 फरवरी से दो मार्च को आयोजित होने वाले वार्षिक महोत्सव के फाइनल राउंड में अपनी प्रस्तुति देगी। प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के तहत योगासन प्रदर्शित किए गए, इसमें कक्षा के अनुसार टीमों का चयन किया गया। संगीत के साथ युगलबंदी करते हुए योगासन का प्रदर्शन किया गया।
पतंजलि विश्वविद्यालय की कुलानुशासिका और वार्षिक महोत्सव अभ्युदय की संयोजक प्रो. साध्वी देवप्रिया ने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि आत्मा और मन को भी स्वस्थ रखता है। यह आयोजन हर किसी को योग के लाभों के बारे में जागरूक करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। इस दौरान योग संकायाध्यक्ष प्रो.ओम नारायण तिवारी, विवि के दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. सत्येंद्र मित्तल, समन्वयक डॉ. आरती पाल आदि मौजूद रहीं।