पथरी। नसीरपुर कलां निवासी जावेद ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर गांव के प्रधान प्रतिनिधि साजिद अली समेत छह लोगों के खिलाफ झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच किसी अन्य थाने या स्वतंत्र अधिकारी से कराए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में जावेद ने कहा है कि जिस घटना के आधार पर उनके और अन्य पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, उस दिन वे सभी गांव में मौजूद ही नहीं थे। उनका दावा है कि घटना के दिन वे अन्य स्थान पर गए हुए थे और इसकी पुष्टि के लिए उनके पास वीडियो व सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हैं। जावेद का आरोप है कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि साजिद अली उनसे और अन्य नामजद लोगों से पुरानी रंजिश रखता है।
इसी रंजिश के चलते एक दरोगा के साथ सांठगांठ कर उनके खिलाफ झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कराने तथा निर्दोष लोगों को न्याय दिलाने की मांग की है।