- यातायात डायवर्जन के चलते डीएम ने जारी किए आदेश, ऑनलाइन जारी रहेगी पढ़ाई
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेले में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात डायवर्जन के मद्देनजर जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और जनहित को देखते हुए यह आदेश जारी किया है। हालांकि, इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी संस्थानों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
डीएम के आदेशानुसार, मेले के दौरान भारी भीड़ के कारण कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा और कई मार्ग बंद रहेंगे। ऐसे में आवागमन में होने वाली परेशानी से बचाने के लिए जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों, उच्च शिक्षण व तकनीकी संस्थानों सहित आंगनबाड़ी केंद्रों में 13 दिन का अवकाश रहेगा। डीएम ने शिक्षा विभाग और प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन पढ़ाई के लिए अभिभावकों को भेजे मैसेज
अवकाश के दौरान पढ़ाई का नुकसान न हो, इसके लिए विद्यालयों ने ऑनलाइन कक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिक्षकों को शेड्यूल के अनुसार क्लास लेने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से नोटिस चस्पा करने के साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से अभिभावकों को संदेश भेजे जा रहे हैं। स्कूलों ने अभिभावकों से बच्चों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर ऑनलाइन क्लास से जोड़ने की अपील की है।