पाक मुकद्दस माह-ए-रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद सोमवार देर शाम ईद-उल-फितर का चांद नजर आते ही मुस्लिम समाज में खुशी की लहर छा गई। चांद की तस्दीक होते ही आसमान में गोला दागकर खुशी का इजहार करते हुए एक दूसरे को मुबारकबाद पेश की गई। वहीं, कोरोना की पाबंदी के चलते दो साल तक ईदगाह में केवल पांच ही लोगों ने नमाज पढ़ी।
सोमवार शाम को मरकजी कमेटी की ओर से चांद की तस्दीक के बाद मस्जिदों से ईद का चांद नजर आने का एलान किया गया। लोग इफ्तारी करने के बाद बाजारों में खरीदारी करने के लिए पहुंच गए। देर रात तक ज्वालापुर के कटहरा बाजार, चौक बाजार, गुरुद्वारा रोड, अंसारी मार्केट और मंडी का कुआं समेत तमाम स्थानों पर खरीदारी का दौर चलता रहा। ईदगाह कमेटी के सदर हाजी इरफान अंसारी और सचिव हाजी नईम कुरैशी ने बताया कि ईद की नमाज की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ईदगाह में नमाज सुबह 10 बजे अदा की जाएगी। ईदगाह में मास्क लगाकर ही पहुंचने की सभी लोगों से अपील की गई है। मौलाना आरिफ कासमी और इकबाल कासमी ने बताया कि देर शाम को ईद का चांद नजर आ गया। ईद का त्योहार मंगलवार को मनाया जाएगा।
इन मस्जिदों में इस समय होगी ईद की नमाज
मस्जिद-समय
सराय रोड सब्जी मंडी स्थित मस्जिद-सुबह 07 बजे
साबरी मस्जिद गाडोवाली-सुबह 07:30 बजे
जमा मस्जिद ज्वालापुर-सुबह 08 बजे
भेल सेक्टर एक मस्जिद-सुबह 08 बजे
इस्लाम नगर मस्जिद-सुबह 8:30 बजे
खजूर वाली मस्जिद-सुबह 09 बजे
मदीना मस्जिद कैथवाड़ा-सुबह 09 बजे
मंडी की मस्जिद-सुबह 09 बजे
कोटरावान मस्जिद-सुबह 09 बजे
आपसी सौहार्द के साथ मनाएं ईद : राव
भारतीय किसान यूनियन बेदी के राष्ट्रीय सलाहकार राव फाजील मरगूब ने ईद-उल-फितर का त्योहार आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण रूप से मनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार रमजान के पवित्र महीने के बाद शव्वाल महीने में पड़ने वाला ईद-उल-फितर मुस्लिम समुदाय के लिए बेहद खास होता है। ईद की नमाज के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए मास्क अवश्य लगाएं।