हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में नौवीं कक्षा की छात्रा का यौन शोषण मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहा 25 हजार का इनामी आरोपी को एसटीएफ और रानीपुर पुलिस ने पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आरिफ निवासी रुरा बटोली बटवाली जिला कानपुर यूपी मोहाली में कबाड़ के गोदाम में छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि वर्ष 2024 में रानीपुर कोतवाली में एक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी आरिफ निवासी बटोली, जिला कानपुर देहात पर आरोप था कि वह ई-रिक्शा चलाते हुए स्कूल जा रही नौवीं की छात्रा को बहला-फुसलाकर ले गया और उसका यौन शोषण किया। घटना के बाद वह लगातार फरार रहा। रानीपुर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता न मिलने पर उसके खिलाफ कुर्की कार्रवाई की गई और 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
इनामी अपराधियों की धरपकड़ के तहत एसटीएफ देहरादून ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस शुरू किया। जांच में पता चला कि वह मोहाली के बलौंगी क्षेत्र में कबाड़ के गोदाम में मजदूरी कर रहा है। एसटीएफ टीम करीब एक सप्ताह तक वहीं रहकर मजदूरों और गोदामों की जांच करती रही।
आखिरकार शनिवार को टीम ने एक गोदाम से आरोपी को धर लिया। रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि आरोपी को हरिद्वार लेकर टीम पहुंच गई। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।