हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने युवक पर अलग-अलग होटलों में ले जाकर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। साथ ही अश्लील वीडियो-फोटो बनाकर शादी से मना करने का आरोप है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, उत्तरी हरिद्वार की रहने वाली युवती ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि शादी डॉट कॉम के जरिये उसकी मुलाकात वर्ष 2020 में आकाश चंद्रा निवासी नारायणपुर तरना शिवपुरी थाना कैंट जिला वाराणसी से हुई। उसने बातचीत शुरू की। इसके बाद दोनों के परिवारों ने मिलने के बाद शादी के बारे में बात आगे बढ़ाई। इसके बाद आकाश चंद्रा उससे मिलने के लिए आने लगा। आरोप लगाया कि उसे भूपतवाला स्थित होटल में ले जाकर जबरन यौन उत्पीड़न किया।
आरोप है कि फिर दूसरे होटल भी ले जाकर शोषण किया। विरोध करने पर मांग में सिंदूर भर दिया और उसे पत्नी बताने लगा। वीडियो काल और चैटिंग करते हुए भी शादी का झांसा देता रहा। 13 अक्तूबर 2021 को मसूरी के होटल में ले जाकर भी संबंध बनाए और अश्लील फोटो, वीडियो बना ली। अप्रैल 2025 में फोन पर बताया कि परिवार वालों ने रिश्ता कहीं और तय कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज कर अंजाम भुगतने की धमकी दी। जून 2025 में फिर से हरिद्वार आकर शादी का झांसा दिया और संबंध बनाने के लिए कहा, मना करने पर धमकी दी। इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।