हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में एक युवती को आपत्तिजनक संदेश और वीडियो भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक लंबे समय से युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एक कॉलोनी निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले कई महीनों से प्रिन्स सागर उर्फ गौरव नाम का युवक अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे कॉल कर परेशान कर रहा है। आरोप है कि युवक आपत्तिजनक मैसेज और वीडियो भेजकर उसे डराने और दबाव में लेने की कोशिश कर रहा था।
युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी सगाई हो चुकी है, लेकिन आरोपी उसके मंगेतर और होने वाले ससुराल पक्ष को भ्रामक जानकारी देकर रिश्ता तुड़वाने का प्रयास कर रहा है। विरोध जताने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह दहशत में है। नौकरी पर आने-जाने के दौरान भी उसे अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।