मेरठ के ध्यानार्थ...
-सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने ब्रह्मपुरी से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को ब्रह्मपुरी निवासी अंकित कुमार की बाइक चोरी हो गई थी। इस संबंध में सिडकुल थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बाइक चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम को लगाया गया था।
थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार को दवा चौक पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान राजा बिस्कुट चौक की ओर से तेज रफ्तार में बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को चेकिंग करते देख उसने बाइक वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक का टायर फिसल गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ऋतिक निवासी हस्तिनापुर, मेरठ बताया।
बाइक की जांच करने पर पता चला कि वह चोरी की है और इसी बाइक के संबंध में सिडकुल थाने में रिपोर्ट दर्ज है। आरोपी ने 15 सितंबर को ब्रह्मपुरी से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।