हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में गांजे की तस्करी करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 1.540 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात राजा बिस्कुट चौक के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि पाल बाजार जाने वाले रास्ते पर एक युवक गांजा लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे से गांजा बरामद हुआ।
थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश निवासी ग्राम टांडा भागमल, कोतवाली लक्सर हाल रावली महदूद थाना सिडकुल बताया। उसने कबूला कि वह गांजा लक्सर क्षेत्र से लाकर सिडकुल, ज्वालापुर और हरकी पैड़ी क्षेत्र में बेचता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले भी जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।