शुगर मिल के पास युवक पर दिनदहाड़े तमंचे से फायरिंग की वारदात में शामिल एक आरोपी पारस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में मुख्य आरोपी रितिक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के अकौढ़ा कलां गांव निवासी सुमित कुमार ने तहरीर में बताया था कि उनका भाई राकेश नौ अक्तूबर को दोपहर करीब 2 बजे शुगर मिल से लौटते समय जब गोल चौराहे के पास पहुंचा तो यहां पहले से मौजूद आरोपी रितिक निवासी निवासी ग्राम बहादरपुर खादर, पारस निवासी सीमली, लक्सर और एक अज्ञात नकाबपोश ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने गाली - गलौज करते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया।
रामकेश ने विरोध किया तो आरोप है कि आरोपी रितिक ने तमंचे से उसे जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल लाया गया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी रितिक को 11 अक्तूबर को गिरफ्तार कर लिया था। अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश दे रही थी लेकिन आरोपी फरार चल रहे थे। इस बीच बुधवार को एक आरोपी के संबंध में सूचना मिलने पर एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी पारस निवासी केशवनगर लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस तीसरे आरोपी की पहचान कर रही है।