पथरी। थाना क्षेत्र में एक युवक को रास्ते में रोकने के बाद बाइक से गिराकर लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
किशोर निवासी ग्राम झाबरी थाना पथरी ने तहरीर देकर बताया कि वह 13 अप्रैल को पत्नी राकेशो के साथ नई बस्ती अम्बुवाला में अपनी चाची से मिलने जा रहे थे। नई बस्ती अम्बुवाला में पहुंचने पर अजीत, सुनील, सन्नी व रजनीश निवासी नई बस्ती अम्बुवाला शराब के नशे में थे। किशोर का आरोप है कि आरोपियों ने उसे व पत्नी को बाइक से गिरा दिया।
आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट कर दी। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
-
हत्या के प्रयास में फरार आरोपी गिरफ्तार
पथरी। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि सुलेमान निवासी एकड़ खुर्द हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर एसएसआइ यशवीर सिंह नेगी ने टीम के साथ आरोपी को एकड़ खुर्द स्थित कब्रिस्तान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
-