हरिद्वार। कांवड़ लेने फरीदाबाद से हरिद्वार आया युवक मेले के दौरान रास्ता भटककर बिजनौर पहुंच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवक को सकुशल ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि फरीदाबाद के लकरपुर दुर्गापुर निवासी रजत चौधरी आठ अगस्त को कांवड़ लेने हरिद्वार आया था। मेले के दौरान वह परिजनों से बिछड़ गया। काफी तलाश के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर परिजन 13 अगस्त को रोड़ीबेलवाला चौकी पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने परिजनों के साथ भागूवाला से रजत को सकुशल बरामद कर लिया। बेटे को वापस पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।