श्यामपुर। कांगड़ी गली नंबर-4 स्थित बालाजी दरबार में बृहस्पतिवार सुबह पुताई कर रहा एक युवक हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय अस्पताल में ले जाने पर उसे जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को बिजनौर निवासी 25 वर्षीय आशु पुताई के रोलर को लोहे के डंडे में बांधकर छत की दीवार पर पेंट कर रहा था। छत से लगभग दस फुट ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन की लाइन की तार से लोहे का डंडा टकरा गया, जिससे ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट युवक के कपड़े दीवारों पर चिपक गए और मकान की छत व दीवार में दरारें आ गईं, सीमेंट भी उखड़ कर गिर गया।
आसपास के लोगों ने आशु को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया। वहीं, गांव में जा रही 11 हजार वोल्टेज की बिजली की लाइन भी टूटकर नीचे गिर गई। ऊर्जा निगम ने सूचना मिलते ही दोनों लाइनों को शटडाउन कर दिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि पेंटर गंभीर रूप से झुलस गया। उसका जौलीग्रांट में उपचार चल रहा है।