हरिद्वार। प्लॉट दिलाने के नाम पर एक विधवा महिला को पहले प्लॉट बेचने का झांसा देकर उससे एक लाख पांच हजार रुपये ले लिए। बाद में 30 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 75 हजार रुपये हड़प लिए और मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चंदना देवी निवासी गवाड तल्ला सकीदा पौड़ी गढ़वाल ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह हरिद्वार में प्लॉट खरीदना चाहती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात सचिन पाल निवासी कृष्णा विहार डैंसो चौक, मुकुल पाल निवासी ब्रह्मपुरी प्रधान वाली गली सिडकुल और आकाश से हुई। आरोप लगाया कि तीनों ने सस्ते दाम में प्लॉट दिलाने का भरोसा दिलाकर पहले पांच हजार रुपये ऑनलाइन और बाद में एक लाख रुपये नकद ले लिए। इसके बाद गलत दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए गए और अलग-अलग प्लॉट दिखाकर गुमराह किया गया।
आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो 30 हजार रुपये लौटा दिए, लेकिन शेष 75 हजार रुपये देने से इन्कार कर दिया। एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हुए रकम लौटाने से मना कर दिया और विरोध करने पर अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। सीओ सदर पुलिस अधीक्षक बलूनी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।