हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में लावारिस हालत में घूमते हुए मिली तीन साल की बालिका को पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का शुक्रिया अदा किया।
कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि सोमवार को शिवलोक कॉलोनी में करीब तीन वर्ष की एक बच्ची अकेले भटकती हुई मिली। बच्ची इतनी छोटी थी कि वह अपना नाम-पता भी नहीं बता पा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को संरक्षण में लेकर सुरक्षित कोतवाली ले आई। इसके बाद बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की, साथ ही नजदीकी थाना-चौकियों को भी सूचना दी। काफी प्रयासों के बाद बच्ची के पिता का पता चल सका, जिन्हें थाने बुलाया। पहचान की पुष्टि के बाद बच्ची को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि राजस्थान निवासी दंपती अपनी बच्ची के साथ शिवलोक कॉलोनी में रिश्तेदारी में आए हुए थे। इसी दौरान खेलते-खेलते बच्ची अचानक गुम हो गई थी। अपनी मासूम को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली।