हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में जिम में वर्कआउट के दौरान हुए विवाद में दूसरे पक्ष के खिलाफ भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोप है कि युवक पर लोहे की रॉड और जिम की रस्सी से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया। बाइक में भी तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नेक मोहम्मद पुत्र असलम खान ने निवासी मोहल्ला कोटनिफ्स ज्वालापुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पांच मई की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने मामा के बेटे के साथ फिटनेस फ्यूल यूनिसेक्स जिम में वर्कआउट कर रहा था। तभी अमन और अमन खान निवासीगण अहबाबनगर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लोहे की रॉड और जिम में इस्तेमाल होने वाली रस्सी से हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर जब वह जिम से बाहर निकला तो वहां पहले से मौजूद असद उर्फ सुब्हान निवासी ईदगाह रोड, पांवधोई ने मारपीट कर दी। उसकी बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी। वरिष्ठ उप निरीक्षक हर्ष अरोड़ा ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।