हरिद्वार श्यामपुर थाना क्षेत्र में हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर अमरोहा यूपी से आ रही एक कार में अचानक आग लग गई। बीच सड़क पर रोककर चालक ने भागकर अपनी जान बचाई। आग लगने से अन्य वाहन भी रुक गए, जिससे जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस के अनुसार, रविवार को उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद से एक कार चालक गाड़ी लेकर देहरादून जा रहा था। शाम करीब पांच बजे चंडीदेवी मंदिर रोपवे से आगे पहुंचते ही कार के बोनट से धुंआ निकलने लगा और गाड़ी में आग लग गई।
आग देखते ही चालक ने तुरंत कार को बीच सड़क पर ही रोक दिया और भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया। कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। आग लगन से हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन सवारों में भी अफरा-तफरी मच गई। अन्य वाहन भी रुक गए और जाम लग गया।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: ट्रेकिंग के लिए SOP का ड्राफ्ट तैयार, एजेंसियों के वार्षिक ऑडिट के साथ ही कई कड़े भी प्रावधान
सूचना मिलने पर मायापुर फायर स्टेशन से अग्निशमन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाया, लेकिन तब तक गाड़़ी पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने वाहनों को निकलवाते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। चालक सुरक्षित है, लेकिन गाड़ी पूरी तरह जल चुकी है। आग लगने का कारण सामने नहीं आ पाया है।