हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र से सटे ग्राम इब्राहिमपुर में रविवार की देर रात एक केमिकल की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी के बाहर खड़ा एक ट्रक भी आग की चपेट में आ गया। आग की लपटें और धुआं आसमान में दूर तक नजर आने लगा। यह देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंची और देर रात तक आग बुझाने में जुटी रही।
पुलिस के अनुसार ग्राम इब्राहिमपुर में एक केमिकल की फैक्टरी बनी हुई है। फैक्टरी में रविवार की देर रात अचानक आग लग गई और धुएं का गुब्बार उठने लगा। देखते ही देखते कुछ देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी बढ़ गई कि आसमान में दूर तक लपटें पहुंचने लगी और धुएं का गुब्बार आसपास फैल गया। बाहर खड़ा एक ट्रक भी आग की चपेट में आ गया। आग को देखकर आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मायापुर, सिडकुल फायर फायर स्टेशन के अलावा के अन्य जगहों से भी दमकल की टीमें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाना शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने में टीमें जुटी हुई थी। आग से फैक्टरी में रखा लाखों रूपये का माल जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। नगर पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर बचाव कार्य में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।