नवरात्र के प्रथम दिन काली मंदिर में भक्तों का तांता
मां काली के दर्शन कर भक्त हुए भावविभोर, सुख-समृद्धि कामना
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल (बैरागी कैंप) स्थित प्रसिद्ध श्मशान वासिनी काली माता मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां काली के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
मां के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर को विशेष रूप से भव्य एवं आकर्षक ढंग से सजाया गया। मां काली की दिव्य एवं भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। मंदिर की मनमोहक सजावट और मां के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
नवरात्र के पहले दिन दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करने पहुंचे और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर के मुख्य पुजारी महंत संजय पुरी महाराज ने बताया कि यह पूरे भारतवर्ष में एकमात्र ऐसा मंदिर है, जो कनखल स्थित श्मशान घाट के ठीक सामने दक्षिण में स्थापित है।
मां काली स्वरूप में विराजमान मां के इस मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। नवरात्र के अवसर पर यहां दूर-दराज से भक्त मां के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर में मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।