हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर ऋषिकुल के पास रविवार दोपहर चार वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में चारों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार सड़क पर तीन बार पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में एक युवक को मामूली चोट आई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर ऋषिकुल हाईवे पर एक कार का अचानक टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर लगने से दूसरी कार सड़क पर तीन बार पलट गई। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी दो अन्य कारें भी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, पीछे से आ रही रोडवेज बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, लेकिन बस भी एक कार से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहनों में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। इसकी पुष्टि एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने की है।