- सराफा कारोबारी का जेई को धमकाते हुए ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- ज्वालापुर कोतवाली में दी तहरीर, इंजीनियर संघ ने भी की कार्रवाई की मांग
हरिद्वार। बकाया जमा न करने पर पानी का कनेक्शन काटने पर एक सराफा कारोबारी की ओर से जल संस्थान की महिला जेई के साथ अभद्रता कर धमकी देने का मामला सामना आया है। अभद्रता व धमकी का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में जेई की तरफ से ज्वालापुर कोतवाली में कारोबारी के खिलाफ तहरीर दी गई है। इस संबंध में डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने भी कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, जल संस्थान के जोन-तृतीय रामनगर ज्वालापुर में तैनात कनिष्ठ अभियंता प्राची पाल की तरफ से दी गई तहरीर में बताया कि टिबड़ी के संजयनगर में पानी के कनेक्शन धारक पर 22135 रुपये का बकाया था। इन दिनों वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भुगतान के लिए संपर्क करने पर कनेक्शन धारक महिला के पुत्र राज वर्मा ने कार्यालय में चेक से राशि जमा करने की बात कही मगर भुगतान नहीं किया। आरोप है कि जब उन्होंने फोन पर संपर्क किया तो सराफा कारोबारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
बकाया जमा नहीं करने पर विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए पानी का कनेक्शन काट दिया। आरोप है कि कारोबारी ने दोबारा जेई को फोन किया और मारने की धमकी देते हुए अपशब्द कह डाले। बाद में जल संस्थान के कार्यालय पहुंचकर भी हंगामा कर धमकी दी। वहीं, धमकी का ऑडियो भी जेई ने पुलिस को सौंपा है। ये ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रही है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इधर, शनिवार को डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने भी कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
वर्जन
महिला कनिष्ठ अभियंता के साथ अभद्रता, धमकी देने के मामले में विभाग की तरफ से भी एसपी सिटी को शिकायत भेजी गई है। विभागीय स्तर से भी कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
- विपिन चौहान, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान हरिद्वार