हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले के दूसरे मुख्य स्नान से पहले हरिद्वार में पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। हरिद्वार पुलिस के हत्थे चढ़ा ये बांग्लादेशी करीब एक माह पूर्व सीमा पार कर भारत में घुसा था। आईबी और एलआईयू ने उससे पूछताछ की है।
बृहस्पतिवार की देर रात तुलसी चौक के पास एक युवक के संदिग्ध दिखाई देने पर आसपास के लोगों ने इसी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस युवक को पकड़कर कोतवाली ले आई। युवक के बंगला भाषा में बोलने पर एक अनुवादक बुलाया गया। फिर उस अनुवादक ने युवक से बांग्ला भाषा में बातचीत की। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह बांग्लादेश का रहने वाला है। उसने अपना नाम इमरान (20) पुत्र अनवर उर्फ अबुल कलाम निवासी फतेहपुर लखीमपुर किडगांव बताया। जानकारी मिलते ही खुफिया एजेंसियों ने कोतवाली में डेरा डाल लिया। कई घंटों तक खुफिया एजेंसियां पूछताछ करती रहीं। कोतवाल महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि करीब एक माह पूर्व युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ पश्चिम बंगाल से सीमा पार की थी और प्रारंभिक पूछताछ में रोजगार की तलाश में यहां आने की बात कही है। वह अपने साथियों से बिछुड़ गया है। वह पढ़ा लिखा भी नहीं है। उसे यह भी नहीं पता है कि वह इतने दिन कहां रहा और यह कौन सा शहर है।