हरिद्वार। गाजियाबाद में काका के घर रह रही 16 वर्षीय किशोरी खुद को बेचे जाने के डर से भागकर हरिद्वार पहुंच गई। रविवार सुबह पुलिस ने संदिग्ध हालात में घूमते हुए उसे अपर रोड से हिरासत में लिया।
पूछताछ के बाद किशोरी को चाइल्ड लाइन संस्था के सुपुर्द कर दिया है।
सोमवार सुबह कोतवाली पुलिस ने अपर रोड में अकेली घूम रही एक किशोरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह घर से भागकर आई हैं। उसे अपने माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं हैं।
लेकिन वह गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर जूते-चप्पल बेचने वाले काका तुकराम के घर में रहती हैं। पुलिस को किशोरी ने बताया, शनिवार को काका के घर अधेड़ उम्र के तीन लोग पहुंचे और उसे खरीदने की बात करने लगे। उसने खाना बनाना छोड़ा और आननफानन में ट्रेन से हरिद्वार पहुंच गई।
एसएसआई प्रमोद उनियाल ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल उसके काका-काकी के बारे में पता नहीं चल पाया है। किशोरी को जगजीतपुर कनखल की संस्था चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है।