हरिद्वार। मूसलाधार बारिश के चलते गंगा में बाढ़ आने से कई स्थानों पर बिजली लाइनें बह गई। बिजली घरों में भी पानी भर गया। इस वजह से सोमवार को बिजली की सप्लाई पूरी तरह से ठप रही।
भूपतवाला विद्युत बिजलीघर पानी में डूबने से सब डिवीजन का रिकार्ड नष्ट हो गया है। एक कंप्यूटर सहित उपखंड अधिकारी के कार्यालय के पूरे रिकार्ड को जबरदस्त क्षति पहुंची है। पानी भरने से भारतमाता मंदिर क्षेत्र की 11 केवी की लाइन भी बंद करनी पड़ी है। उपखंड अधिकारी अमीचंद ने बताया कि 33 केवीए की मेन रिंग लाइन बंद होने से मायापुर, कनखल सहित कई क्षेत्रों में बिजली ठप हो गई है। बाढ़ का पानी गौरीशंकर स्थित 33/11 केवीए के सब स्टेशन की लाइनें बहा ले गया। गैंडीखाता में पेड़ गिरने से लाइनें टूट गई हैं, जिससे क्षेत्र के 30 से 40 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। 11 केवीए के फीडर से पूर्वी गंगनहर की माइक्रोवेव तथा चंडी देवी की लाइन भी बंद हो गई है। पंतद्वीप चमगादड़ टापू की लाइन भी टूट गई है। हालत यह है कि पानी की मार से चारों ओर अंधेरा छा गया है।
नलकूपों में गाद भरने से जलापूर्ति बाधित
हरिद्वार। गंगा नदी में बाढ़ आने से जलापूर्ति के गंगातट के कई नलकूपों में गाद भर गई है। जल संस्थान को कई नलकूपों को बंद करना पड़ा है। नतीजतन शहर में जलापूर्ति बाधित हो गई है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता पीके गुप्ता ने बताया कि नलकूपों में गाद भरने के साथ भूपतवाला तथा रोडी बेलवाला में कर्मचारियों के आवासों के अंदर 3 से 4 फीट पानी भरने से काफी नुकसान हो गया है। भूपतवाला में 22 नंबर नलकूप, वन समाधि के 42 और 43 तथा पार्किंग के पास के 24-25 नंबर नलकूप को पानी में गाद आने के कारण बंद कर दिया गया है। इसके अलावा विद्युत सप्लाई बंद होने से पंचपुरी के सभी क्षेत्रों की जलापूर्ति प्रभावित हुई है। बिजली आने तक यह समस्या बनी रहेगी।