रुड़की। दुर्गा कालोनी निवासी नौंवी का छात्र ऋषिकेश में मिल गया है। बृहस्पतिवार को छात्र स्कूल से घर जाते समय लापता हो गया था। पुलिस और परिजन उसे लेने ऋषिकेश रवाना हो गए हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा कालोनी निवासी योगेश एक स्कूल में नौंवी का छात्र है। कोतवाली प्रभारी जेपी जुयाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को छात्र का स्कूल के ही कुछ लड़कों के साथ विवाद हो गया था। विवाद के बाद स्कूल में दोनों पक्षों के परिजनों ने मामला सुलझाया था। मामला सुलझाने के बाद छात्र के परिजन तो स्कूल में रुक गए, जबकि छात्र को घर जाने के लिए कहा। लेकिन, छात्र घर नहीं पहुंचा। देर शाम तक छात्र घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन सुराग नहीं लगा। परिजनों ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी जेपी जुयाल ने बताया शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली की छात्र को ऋषिकेश में देखा है। सूचना पर पुलिस और परिजन उसे लाने के लिए ऋषिकेश के रवाना हो गए।