हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से सम्मिलित राज्य अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा के 29 अभ्यर्थियों की साक्षात्कार और शारीरिक मानदंड परीक्षण की तिथि बदली गई है। अभ्यर्थियों की ओर से इसके लिए आयोग को प्रार्थना पत्र दिया गया था।
सम्मिलित राज्य अवर अधीनस्थ सेवा की मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की साक्षात्कार प्रक्रिया 27 फरवरी से चल रही है। इसी बीच दो मार्च से वन क्षेत्राधिकारी की मुख्य परीक्षा भी प्रारंभ हो गई। कई अभ्यर्थी ऐसे थे जिन्हें सम्मिलित राज्य अवर अधीनस्थ सेवा के साक्षात्कार और वन क्षेत्राधिकारी की मुख्य परीक्षा दोनों में शामिल होना था। लेकिन तिथि एक ही दिन पड़ रही थी। ऐसे अभ्यर्थियों की ओर से लोक सेवा आयोग को प्रत्यावेदन देकर साक्षात्कार तिथि बदलने का अनुरोध किया था। आयोग सचिव चंद्रशेखर भट्ट ने बताया कि विचार के बाद 12 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथि बदली है। इनके साक्षात्कार अब नौ मार्च को कराए जाएंगे। 17 अभ्यर्थियों के शारीरिक मानदंड परीक्षण 11 मार्च को कराया जाएगा। ब्यूरो