हरिद्वार।जिले के एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। पीड़ित का इलाज देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल में चल रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद हरिद्वार का स्वास्थ्य विभाग भी चौकन्ना हो गया है। विभागीय टीम ने पीड़ित के संपर्क में आए लोगों का एहतियात बरतने की सलाह दी है।
एपिडेमेलॉजिस्ट डा. नवनीत किशोर ने बताया कि देहरादून से बृहस्पतिवार को सूचना मिली है कि सीतापुर निवासी बीएचईएल में कार्यरत एक व्यक्ति पर स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। पीड़ित को कुछ दिन पूर्व शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। डा. नवनीत ने अनुसार सूचना को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित के घर तथा आसपास के क्षेत्र में बृहस्पतिवार को जरुरी गतिविधि की गई। परिवार के सदस्यों तथा पीड़ित के संपर्क में आए लोगों को दवा दी गई है। ताकि उनका संक्रमण से बचाव हो सके। इसके अलावा सभी को घर में इंसोलेशन की सलाह दी गई। इन लोगों में स्वाइन फ्लू के लक्षणों की निगरानी की जा रही है। लक्षण भी सामने आने पर इनकी जांच कराई जाएगी। साथ ही इन लोगों को विभाग के संपर्क में रहने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित को स्वाइन फ्लू संक्रमण कैसे लगा यह अभी रहस्य का विषय बना हुआ है। इसकी जांच की जा रही है।