रुड़की/लक्सर/भगवानपुर। बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अधिकारी दफ्तरों से बाहर निकले। शहर से देहात तक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान कहीं विद्यालय बंद पाया गया तो कहीं आंगनबाड़ी केंद्र से कार्यकत्री गायब थी। निरीक्षण रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है।
बृहस्पतिवार को एएसडीएम बीर सिंह बुधियाल ने गणेशपुर स्थित राशन की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गणेशपुर में स्थित दोनों दुकानों में स्टाक बोर्ड नहीं पाए गए। इसके अलावा कई छोटी-मोटी खामियां भी पाई गईं। एएसडीएम ने राशन डीलरों को खामियां दूर करने के निर्देश दिए। वहीं, लक्सर के एसडीएम मोहम्मद नासिर ने कई विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। मखियाली गांव का राजकीय प्राथमिक विद्यालय बंद पाया गया। बसेड़ी में चार अध्यापकों में से दो अटैच पर पाए गए। लक्सर के प्राथमिक विद्यालय में 175 बच्चों पर एक ही शिक्षिका मिली। इसके अलावा लक्सर और मुबारिकपुर गांव का आंगनबाड़ी कें द्र बंद मिला तो मुटकाबाद गांव में केंद्र पर कार्यकत्री 20 दिन से अनुपस्थित पाई गई। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है।
उधर, भगवानपुर क्षेत्र में नायब तहसीलदार सुरेंद्र कांबोज ने तेलपुरा, बुग्गावाला और गोमतीपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों एवं केंद्रों पर बच्चों की संख्या कम पाई गई। उन्होंने बताया कि निरीक्षण की रिपोर्ट ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सोनिका को भेज दी गई है।