भगवानपुर। सरठेड़ी गांव के पास दो बदमाशों ने लाठी डंडों से मारपीट कर एक ग्रामीण से बाइक, नगदी और मोबाइल लूट लिया। लूटपाट करने के बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले को मारपीट की घटना मानते हुए जांच कर रही है।
थानाक्षेत्र के सरठेडी गांव निवासी मांगेराम शनिवार शाम किसी काम से भगवानपुर कस्बे में आया था। देर रात को वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव के निकट दो बदमाशों ने लाठी-डंडे के बल पर उसे रोक लिया। आरोपियों ने उससे बाइक लूटने का प्रयास किया तो मांगेराम ने विरोध जताया। इस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश बाइक, तीन सौ रुपये की नगदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद किसी तरह से गांव पहुंचे मांगेराम ने घटना से परिजनों को अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इस बाबत पुलिस का कहना है कि मामला मारपीट का लग रहा है। जांच के बाद ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।