रुड़की। कालोनी के रास्ते से रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्राली निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग करने की बात सामने आ रही है। लेकिन पुलिस इससे इनकार कर रही है। संघर्ष के दौरान महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरम कालोनी निवासी पवन सिंह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार दोपहर को पवन मकान के निर्र्माण के लिए रेत से भरी ट्रैैक्टर-ट्राली लेकर कालोनी के रास्ते से आ रहा था। लेकिन कालोनी के रास्ते से ट्राली लाने की बात को लेकर उसका कालोनी के ही एक व्यक्ति के साथ विवाद हो गया। मामले ने इस कदर तूल पकड़ा कि उनके बीच गाली-गलौच हो गई। जिसके बाद मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। बताया गया कि संघर्ष के दौरान फायरिंग भी हुई थी। जिससे कालोनी में भगदड़ मच गई। संघर्ष की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन तब तक मारपीट करने वाले फरार हो गए। गंगनहर कोतवाली के प्रभारी महेश चंद जोशी ने बताया कि संघर्ष की घटना में पवन सिंह, रवि और मुन्नी घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि संघर्ष के दौरान फायरिंग नहीं हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।