हरिद्वार। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद हरिद्वार की उपेक्षा को लेकर जहां भाजपाई लगातार आरोप लगा रहे हैं, वहीं कांग्रेसी भी खासे चिंतित हैं। नुक्कड़-चौराहों पर कांग्रेसी कार्यकर्ता अपने भाजपाई मित्रों से दबे स्वर में कहने भी लगे हैं कि उन्हें प्रदर्शन करना चाहिए। उधर, भाजपा के विधायक विधानसभा के शीतकालीन सत्र में हरिद्वार की उपेक्षा को लेकर प्रश्नों की झड़ी लगाने की तैयारियों में जुट गए हैं।
जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है हरिद्वार के विकास का कोई भी कार्य शुरू नहीं हो पाया है। नई पाइप लाइन बिछाने का काम विगत जनवरी में शुरू हुआ था जो चुनाव के दौरान रोक दिया गया और फिर शुरू ही नहीं हो पाया। पिछली सरकार ने जिस प्रकार कुंभ बजट तक को किनारे कर सड़क निर्माण की उपेक्षा की थी, उसी तरह कांग्रेस सरकार लगातार उपेक्षा कर रही है। आलम यह है कि पंचपुरी गंदगी, पेयजल संकट, विद्युत समस्या और खतरनाक हो चुकी सड़कों से जूझ रही है।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हरिद्वार में कोई भी कारनामा नहीं कर पाई थी। हरिद्वार की पांच सीटें भाजपा ने हथिया ली। तब यह कहा जा रहा था कि हरिद्वार का दिल जीतने के लिए कुछ समय बाद कार्य प्रारंभ किया जाएगा। कई महीने बीत जाने के बाद भी हरिद्वार की दशा जस की तस बनी हुई है। फलस्वरूप जहां जनता आंदोलित है, वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता भी जनता की शिकायत सुन सुनकर आहत हो चुके हैं।
अब काहे की प्रतीक्षा
सरकार कहती आ रही थी कि मुख्यमंत्री अपना चुनाव जीत जाएंगे तो प्रदेश में विकास कार्य शुरू होंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री के पुत्र के चुनाव का रोना रोया गया। दोनों चुनाव बीत जाने पर भी हरिद्वार की सुध किसी ने नहीं ली। दुर्दशा बताती है कि आने वाले दिनों में हरिद्वार को और परेशानियां झेलनी पड़ेगी। भाजपा इसके खिलाफ विधानसभा के भीतर और बाहर दोनों जगह आवाज उठाएगी।
- मदन कौशिक, हरिद्वार विधायक
अब तक बजट का रोना
हरिद्वार के जिलाधिकारी सहित तमाम विभागों के अधिकारी लगातार बजट का रोना रोते आए हैं। नवंबर का महीना चल रहा है। इसी महीने में सड़कें बनाने का काम शुरू किया जाता है। जिला प्रशासन किसी भी कार्य के लिए बजट न होने की बात कह रहा है। आने वाले शरदकालीन सत्र में प्रश्नों की झड़ी विधानसभा में लगाई जाएगी।
- आदेश चौहान, विधायक, ज्वालापुर-रानीपुर
केंद्रीय मंत्री चिंतित
केंद्रीय मंत्री और हरिद्वार के सांसद हरीश रावत लंबा अरसा बीत जाने पर भी हरिद्वार की उपेक्षा से चिंतित हैं। इसी उपेक्षा को लेकर हरीश रावत ने हरकी पैड़ी पर भजन तक करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन देकर कार्यक्रम स्थगित कराया। केंद्रीय मंत्री अपने प्रयासों से हरिद्वार का विकास जितना हो सकता था, कर रहे हैं। अब रावत को हरिद्वार की उपेक्षा से फिर अवगत करा दिया गया है।
- राजेश रस्तोगी, जिला प्रवक्ता-हरीश रावत
सचमुच चिंता का विषय
पंचपुरी में समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं। यह ठीक है कि कांग्रेस का कोई विधायक हरिद्वार से नहीं जीता, लेकिन प्रदेश में हमारी सरकार है। काम करने का दायित्व कांग्रेस का है। एक बार फिर से मुख्यमंत्री को पंचपुरी की समस्याओं की जानकारी विशेष समय लेकर दी जाएगी।
- ओपी चौहान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष