हरिद्वार। नगर निगम ने विज्ञापन एजेंसियों द्वारा शहर में लगाए गए अवैध फ्लैक्स उतारने का अभियान शुरू कर दिया है। निगम कर्मियों ने शुक्रवार को रेलवे रोड और ऋषिकुल क्षेत्र से 20 बाई 10 के 25 से अधिक फ्लैक्स उतारकर जब्त किए हैं।
नगर निगम के अपर मुख्य नगर अधिकारी हर्षवर्धन मिश्रा ने बताया कि अवैध होर्डिंग और फ्लैक्स लगाने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है। कई विज्ञापन एजेंसियां पहले बोर्ड पर विभिन्न पार्टियों के नेताओं के फ्लैक्स लगाती हैं और कुछ दिनों में नेताओं के फ्लैक्स उतारकर विज्ञापन होर्डिंग लगा दिए जाते हैं। नगर निगम ने अब उनके अवैध फ्लैक्स ही उतारने शुरू कर दिए हैं। साथ ही बोर्ड भी उखाड़ने की योजना है। नगर निगम में अभी नगरपालिका बायलॉज ही लागू है और यह बायलॉज किसी भी प्रकार के होर्डिंग, फ्लैक्स को नि:शुल्क और बिना अनुमति के प्रदर्शित करने की इजाजत नहीं देता है।