रुड़की। क्षेत्र में आग की तीन अलग-अलग घटनाओं में लाखाें का नुकसान हो गया। आग की एक घटना पटाखे की चिंगारी से हुई, जिसमें सेनेट्री का सामान जल गया। उधर, एक टार्च फैक्ट्री में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग की घटना के बाद दमकल विभाग की टीम को मौके पर जाकर आग पर काबू पाया।
रामनगर शिव चौक के पास केडी अरोड़ा की केके इंटरप्राइजेज के नाम से सेनेट्री की दुकान है। दुकान के ऊपर ही उसका मकान है। मकान की छत पर सेनेट्री का माल पुआल में लिपटा हुआ रखा है। मंगलवार रात एक रॉकेट की चिंगारी आकर सेनेट्री के पुआल पर गिर गई। जिससे पुआल में आग लग गई। देखते ही देखते सेनेट्री के सामान ने आग पकड़ ली। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से लाखों का नुकसान होने की बात सामने आ रही है।
वहीं, दूसरी घटना में रोडवेज बस में रखी फोम जल गई। बुधवार सुबह उत्तराखंड रोडवेज की बस हरिद्वार से दिल्ली की ओर जा रही थी। बस के बोनट पर फोम रखी हुई थी। राज पैलेस के पास अचानक बोनट गर्म होने पर फोम में आग लग गई। आग से बस में अफरातफरी मच गई। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। इससे पहले की दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचती बस चालक ने सवारियाें की मदद से फोम में लगी आग को बुझा दिया। जिसके बाद बस वहां से रवाना हो गई।
आग की तीसरी घटना सुनहरा स्थित एक फैक्ट्री में हुई। सुनहरा में पदम फ्लेस लाइट के नाम से एक टार्च कंपनी है। एफएसओ बीएल डबराल ने बताया कि बुधवार दोपहर को टार्च फैक्ट्री के गोदाम में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। कंपनी के कर्मचारियाें ने आग पर काबू पाने का प्रयास करते हुए दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के गोदाम में आग लगने से लाखाें का माल जलकर स्वाहा हो गया।