हरिद्वार। संदिग्ध परिस्थितियों में पौड़ी गढ़वाल के एक युवक ने ब्रह्मपुरी में मिट्टी का तेल छिड़कर खुद को आग लगा ली। लपटों से घिरे युवक को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। आननफानन में युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक पिछले महीने से ब्रह्मपुरी में किराए के मकान पर रह रहा था।
सोमवार को कोतवाल पीसी मठपाल ने बताया कि चंद्रमोहन (30 वर्ष, पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी उमरौली गांव, ऊधमपुर पल्ला, पौड़ी गढ़वाल) पिछले महीने 20 अक्तूबर को हरिद्वार आया था। उसके बाद से युवक ब्रह्मपुरी निवासी रामप्यारी के मकान में किराए पर रह रहा था। युवक ने सिडकुल की एक कंपनी में नौकरी करने की बात मकान मालिक से कही थी। दोपहर करीब एक बजे युवक अपने कमरे से चिल्लाता हुआ आग की लपटों में लिपटा बाहर निकला। इससे मकान मालिक और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। किसी तरह आस-पास के लोगों ने पानी डालकर उसकी आग बुझाई। आननफानन में उसे इमरजेंसी सेवा से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को युवक के कमरे से मिट्टी तेल का कैन और माचिस मिली है। बताया जा रहा है कि युवक ने मिट्टी का तेल छिड़क कर खुद को आग के हवाले कर दिया होगा। देर शाम तक पुलिस मृतक युवक के परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया था। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।