हरिद्वार। घास मंडी ज्वालापुर में व्यापारी के बंद घर में चोरों ने लाखों के जेवरात और कीमती नगों पर हाथ साफ कर दिया। व्यापारी अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था। पड़ोसी ने चोरी की सूचना शुक्रवार सुबह दी। देर रात ज्वालापुर कोतवाली में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।
हरि मोहन तिवारी पुत्र महेंद्र नाथ तिवारी अपनी पत्नी अंशु तिवारी के साथ घास मंडी में भावना क्लाथ हाउस वाली गली में रहते हैं। हरि मोहन तिवारी नग-नगीनों का कारोबार करते हैं। करवाचौथ मनाने के लिए कुछ दिन पहले अपनी ससुराल बरेली गया हुआ था। इस बीच चोरों ने घर से जेवरात, नकदी और करीब चार लाख के नग-नगीनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी व्यापारी के पड़ोसी सुंदर पाल ने उन्हें दी। इस पर वह शुक्रवार रात तक हरिद्वार पहुंचे। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। व्यापारी की पत्नी अंशु तिवारी की ओर से मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। अंशु तिवारी ने बताया कि सोने के जेवरात, 45 हजार नकदी और करीब 4 लाख के नगीने चोरी हुए हैं। कोतवाल जयमल सिंह नेगी ने बताया कि तफ्तीश शुरू कर दी गई है।