पिरानकलियर। एक निजी इंजीनियरिंग कालेज के पीछे स्थित खेत में 35 वर्षीय युवक का शव मिला है। मृतक के मुंह से खून आ रहा था और उसके गले में नीले रंग के निशान पाए गए हैं। युवक की हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
कलियर के निकटवर्ती गांव बाजूहेड़ी में स्थित इंजीनियरिंग कालेज के पीछे बाबूराम का खेत है। शनिवार सुबह ग्रामीण खेत की तरफ गए तो झाड़ियों में एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा देख हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली प्रभारी कुलदीप सिंह असवाल, कलियर चौकी इंचार्ज विद्यादत्त जोशी घटनास्थल पर पहुंचे। इसी बीच सूचना पाकर एसपी सिटी केएल शाह भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव का निरीक्षण किया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने की बात सामने आई है। मृतक के मुंह, नाक और कान से खून आ रहा था। जबकि गले पर नीले रंग के निशान बने थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को फेंका गया है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को मौके पर बुलाकर शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए। लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त होने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।