ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
उत्तराखंड संस्कृत बोर्ड की परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। 6 से 13 मई तक जनपद में परीक्षा कराई जाएगी। जनपद के 434 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इस बार परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए बाहर के दो इंटर कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
हरिद्वार जनपद में संस्कृत के पूर्व मध्यमा (हाईस्कूल) में 187 और उत्तर मध्यमा (इंटर) में 247 छात्र छात्राएं पंजीकृत हैं। संस्कृत की बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल के मामले सामने आते रहते थे। इसके बाद संस्कृत शिक्षा के सहायक निदेशक भूपेंद्र सिंह ने दो गैर संस्कृत इंटर कॉलेजों में परीक्षा कराने का निर्णय लिया। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए ज्वालापुर इंटर कॉलेज और हरीराम इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि नकल रोकने के लिए अधिकारी फील्ड में रहेंगे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा की व्यवस्था पुख्ता की जाएगी। छात्रों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।