ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
वेतन भुगतान की मांग के लिए पेयजल निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों का कार्य बहिष्कार व धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। गुस्साए कर्मचारियों ने अनिश्चितकाल तक धरना देने का एलान किया है।
उत्तराखंड पेयजल निगम कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि तीन महीने से वेतन व पेंशन का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दीपावली का बोनस भी अभी तक कर्मचारियों को नहीं दिया गया। बार-बार मांग किए जाने के बावजूद पेयजल निगम प्रशासन कुछ सुनने को तैयार नहीं है। विभाग के पेंशनर जिनके लिए गुजर बसर का एक मात्र सहारा प्रतिमाह मिलने वाली पेंशन है। उन्हें भी तीन महीने से पेंशन नहीं मिलने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द वेतन पेंशन का भुगतान कर्मचारियों को नहीं किया गया तो कार्यालयों पर तालाबंदी की जाएगी।
धरने में शलभ मित्तल, मुकंदी लाल सेमवाल, सिद्धार्थ कुमार, अंचित पाराशर, ब्रजपाल शर्मा, अनुराग शर्मा, अमर पाल सिंह, बृज बिहारी, शिव शर्मा, मदन सिंह, कुसुम डिमरी, दिलबर सिंह नेगी, गोपाल, सुदामा प्रसाद, जगदीश प्रसाद और अशोक कुमार, धर्मवीर सिंह, राकेश कुमार शर्मा, अशोक कुमार जगता आदि सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल हुए।