अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को हाईवे को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हाईवे पर हर रोज लाखों लोग सफर करते हैं। गड्ढों के कारण सफर कष्टदायी हो रहा है।
बुधवार को खन्नानगर स्थित कार्यालय पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक पीएस गुसाईं के साथ चर्चा की। उन्होंने हाईवे पर जगह-जगह गड्ढों की ओर उनका ध्यान दिलाते हुए इससे हो रही परेशानी के बारे में बताया। कौशिक ने कहा कि गड्ढों के कारण हाईवे पर सड़क दुर्घटनाएं होने का भी लगातार खतरा बना रहता है। उन्होंने हाईवे प्राधिकरण को अतिशीघ्र सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
इससे पहले जनता दरबार में उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनका अतिशीघ्र निराकरण कराने के आदेश दिए। जनता दरबार में जलभराव, बिजली पानी सड़क, रोजगार आदि से जुड़ी सैकड़ों समस्याएं आई, जिनका निस्तारण करने के निर्देश अफसरों को दिए गए। इस दौरान सपना शर्मा, संगीता गिरि, भाजपा के जिला महामंत्री विकास तिवारी, नरेश शर्मा किशन बजाज, दीपक टंडन, आशीष शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।