हरिद्वार। नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। बुधवार को भाजपा के देवपुरा स्थित जिला कार्यालय में नगर निगम के 60 वार्डों से पार्षद का चुनाव लड़ने के दावेदारों ने अपने आवेदन जमा किए। पहले दिन पार्टी के 438 कार्यकर्ताओं ने आवेदन जमा किए।
चुनाव पर्यवेक्षक ज्योति प्रसाद गैरोला के साथ ही जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चौहान और महामंत्री विकास तिवारी तथा कार्यालय प्रभारी विनोद चौहान आदि के समक्ष नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों से भारी संख्या में दावेदार अपने आवेदन करने पहुंचे। आचार संहिता लागू होने और चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही भाजपा ने टिकट तय करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। बुधवार को दूसरे दिन दावेदारों से आवेदन मांगे गए। इस दौरान 60 वार्डों से 438 दावेदारों ने चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त करते हुए दावेदारी पेश की है। जिला महामंत्री विकास तिवारी ने बताया कि सभी वार्डों से आवेदन आ चुके हैं और अब निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत उनकी जांच कर पार्टी हाईकमान के लिए पैनल तैयार किया जाएगा।
------------------------------------
गैरोला की देखरेख में बनाई निगरानी समिति
हरिद्वार। प्रदेश हाईकमान ने हरिद्वार जिले में हो रहे निकाय चुनाव के लिए आए आवेदनों को देखते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष और जिले के चुनाव पर्यवेक्षक ज्योति प्रसाद गैरोला की देखरेख में एक निगरानी समिति का गठन किया गया है। इस निगरानी समिति में ज्योति प्रसाद गैरोला अध्यक्ष बनाए गए हैं। जबकि शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर के विधायक आदेश चौहान, भाजपा के जिला प्रभारी विनय रौहेला, जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह, जिला महामंत्री विकास तिवारी, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रीता चमोली, मंडल अध्यक्ष कामनी सडाना, अनिरुद्ध भाटी, देवेंद्र मनवाल, विरेंद्र बोरी और उपेंद्र शर्मा को शामिल किया गया है।
------------------
नामजदगी बनी शक्ति प्रदर्शन का माध्यम
हरिद्वार। बुधवार को आवेदन करने वाले दावेदारों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। दावेदार अपने अपने समर्थकों लेकर आए थे। सभी ने समर्थकों की भारी भीड़ जुटाकर अपनी दावेदारी को मजबूत बनाने का प्रयास किया। भाजपा के जिला कार्यालय में दोपहर तक मेला जैसा नजारा बना हुआ था।
-------------
आज भी लिए जाएंगे आवेदन पत्र
भाजपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चौहान और महामंत्री विकास तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को शिवालिकनगर और लक्सर नगर पालिका, मंगलौर नगर पालिका के साथ पिरान कलियर, लंढौरा, झबरेड़ा, भगवानपुर नगर पंचायतों के लिए वार्ड सदस्य का चुनाव लड़ने वाले दावेदारों से नामांकन पत्र जिला मुख्यालय पर पार्टी द्वारा गठित निगरानी समिति के समक्ष लिए जाएंगे। इच्छुक दावेदार अपने नामांकन पत्र जिला मुख्यालय पर जमा कराने के साथ ही मंडल अध्यक्ष के पास भी जमा करा सकते हैं।
-------------
तो अपने टिकट का खुद भी करेंगे फैसला
हरिद्वार। पार्टी हाईकमान द्वारा गठित की गई चुनाव निगरानी समिति में भाजपा के ऐसे मंडल अध्यक्ष हैं, जो हरिद्वार नगर निगम और शिवालिकनगर नगर पालिका में टिकट के दावेदार भी हैं। ऐसे में यह चर्चा रही कि क्या यह दावेदार अपने टिकट पर खुद ही चर्चा करेंगे। समिति में सदस्य बनाए गए सप्तऋषि मंडल के अध्यक्ष अनिरुद्ध भाटी भूपतवाला क्षेत्र वार्ड सदस्य का चुनाव लड़ने के दावेदार हैं। जबकि मध्य हरिद्वार मंडल की अध्यक्ष कामनी सडाना मेयर और रानीपुर मंडल के अध्यक्ष उपेंद्र शर्मा रानीपुर और बहादराबाद मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र बोरी शिवालिकनगर नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष पद के दावेदार है।