हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार के मेयर और पार्षद व शिविालिकनगर पालिका से चेयरमैन व सभासद के पद पर चुनाव लड़ने के दावेदारों का बायोडाटा लेकर कांग्रेस देहरादून पहुंच गए हैं। देहरादून जाने से पहले हरिद्वार में पदाधिकारियों की बैठक हुई। पदाधिकारियों की माने तो इस बार कांग्रेसी एकमत होकर एक नाम पर सहमति लेकर प्रत्याशियों के नाम घोषित करेंगे।
कांग्रेस में हरिद्वार मेयर और नगर पालिका शिवालिकनगर से चेयरमैन के साथ पार्षद और सभासद का चुनाव लड़ने वालों की सूची लंबी है। हरिद्वार मेयर के लिए सात महिलाओं ने दावेेदारी की है तो पार्षद के लिए दो सौ से अधिक दावेदारों के नाम सामने आए हैं। इन सभी दावेदारों के नामों की छंटनी के लिए शिवलोक कालोनी में एआईसीसी संजय पालीवाल के आवास पर बैठक हुई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए और प्रत्येक दावेदार के नाम पर चर्चा की। जिसमें कुछ नामों की छंटनी करने पर विचार हुआ, लेकिन बाद में विरोध होने की आशंका के चलते छंटनी नहीं की गई। बैठक में शामिल होने वाले कांग्रेसियों का यह जोर रहा कि सभी दावेदारों को विश्वास में लेकर एक नाम पर सहमति बना ली जाएगी। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल का कहना है कि पार्टी मजबूती के साथ चुनाव में उतरेगी और जिसका भी नाम हाईकमान निर्धारित करेगा उसके साथ मिल जुलकर काम करेंगे।
------------------
पूर्व विधायक गुट भी कांग्रेस के साथ
पूर्व विधायक अंबरीष कुमार कांग्रेस के निर्णय के साथ खड़े हैं। हालांकि इस बार उनके गुट से किसी ने भी दावेदारी नहीं की है। इससे वह पूरी तरह से शांत होकर कांग्रेस के साथ हैं। उनकी मानें तो वे पार्टी के साथ है और जिसे भी पार्टी प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारेगी, उसके साथ पूरी ताकत से चुनाव में प्रचार प्रसार करेंगे।