अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। सिद्धबली हनुमान मंदिर चंडीघाट के प्रांगण में ब्रह्मलीन महंत सेवादास महाराज को श्रद्धांजलि देने के लिए सभा आयोजित की गई।
इस अवसर पर श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत भगवत पुरी महाराज ने कहा कि संतों का जीवन समाज को समर्पित रहता है। ब्रह्मलीन महंत सेवादास महाराज ने जीवन पर्यंत समाजसेवा करते हुए संत समाज को नई दिशा देने का काम किया। जगद्गुरु अयोध्या पुरी महाराज ने कहा कि साधु संतों का जीवन सदैव लोक कल्याण को समर्पित होता है। उन्होंने कहा कि सच्चा साधु वही होता है जो देश, समाज के लोक कल्याण के लिए ईर्ष्या, द्वेष, ऊंच-नीच का भेद मिटाकर सबको गले लगाकर परमार्थ के मार्ग पर चलाने का कार्य करते हैं, ऐसे ही ब्रह्मलीन महंत सेवादास महाराज थे।
उदासीन अखाड़े के महंत कमलदास महाराज एवं श्रीमहंत विनोद गिरि महाराज ने संयुक्त रूप से कहा कि महंत सेवादास महाराज ने चंडीघाट क्षेत्र में सिद्धबली हनुमान मंदिर की स्थापना करके तीर्थयात्रियों व स्थानीय लोगों को चंडीघाट क्षेत्र को आकर्षित करने का भी कार्य किया।
इस अवसर पर श्रीसिद्धबली हनुमान मंदिर आदर्श ट्रस्ट के संरक्षक थानापति त्रिकालदर्शी शिवम पुरी महाराज ने संतों का स्वागत किया। पीतांबरी दास महाराज, श्रीमहंत धीरेन्द्र पुरी, आवाहन अखाड़े के शिवशंकर गिरि, आलोक गिरि महाराज, पूरण गिरि, महंत रुपेंद्र प्रकाश महाराज, रोशन पुरी महाराज, श्रीमहंत देवेंद्र पुरी महाराज, आकाश गिरि महाराज, परमेश्वर दास महाराज, गंगा पुरी महाराज, चंद्रकांता महाराज, संजय चौहान, समाजसेवी पूनम भगत, ऐश्वर्य भगत सहित सैकड़ों श्रद्धालु इस दौरान मौजूद रहे।