हरिद्वार। चारधाम यात्रा के लिए देश के कोनों-कोनों से तो लोग ऑफलाइन पंजीकरण करा ही रहे हैं, लेकिन, विदेशों से भी यात्रियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। तीसरे दिन 78 विदेशी पर्यटकों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराए।
ऋषिकुल मैदान पर 20 काउंटरों पर श्रद्धालुओं के ऑफलाइन पंजीकरण किए जा रहे हैं, जो बुधवार को भी जारी रहे। सुबह से यात्री ट्रेनों और बसों से हरिद्वार पहुंचने के बाद पंजीकरण कराने के लिए आने लगते हैं। जिससे सुबह यात्रियों की भीड़ रहती है, लाइनों में लगकर लोगों को पंजीकरण कराने पड़ते हैं, लेकिन, दोपहर के समय यात्रियों की संख्या कम हो जाती है। बुधवार को यमुनोत्रत्री 1012, गंगोत्री 1003, केदारनाथ 1707, बदरीनाथ के लिए 1377 पंजीकरण हुए। कुल 5099 यात्रियों की ओर से ऑफलाइन पंजीकरण कराए गए। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने बताया कि चारधाम यात्रियों के पंजीकरण व्यवस्थित ढंग से चल रहे हैं। जिससे यात्रियों के ऑफलाइन पंजीकरण आसानी से हो रहे हैं।